एक ही रात पांच कारों के शीशे तोड़े, दो से चुराए ईसीएम
वैशाली। रामप्रस्थ पुलिस चौकी से 150 मीटर की दूूरी पर वैशाली सेक्टर छह स्थित मीडिया एंक्लेव से मंगलवार देर रात चोरों ने पांच आईटेन कारों के शीशे तोड़ दिए। इनमें से दो कारों से ईसीएम (इंजन कंट्रोल मॉडयूल) चुरा लिए जबकि तीन कारों से चुराने में विफल रहने पर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थानीय लोगों ने सोसायटी के अंदर से एक ही रात में घटी इन घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई है। पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया एंक्लेव में 225 से अधिक फ्लैट हैं। अधिकांश लोग अपनी कार, बाइक व साइकिल सोसायटी के अंदर ही खड़ी करते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंगलवार देर रात को चोरों ने सोसायटी निवासी सारंग राव, नरेंद्र सिंह, अजय कुमार, रवि यादव की कार समेत एक अन्य की कार का शीशा तोड़ दिया। चोर सारंग राव व नरेंद्र सिंह की कार से ईसीएम चुरा लिए, जबकि अन्य तीन कार की ईसीएम को भी नुकसान पहुंचाया। सुबह कार्यालय जाने के दौरान सारंग राव को कार का शीशा टूटा होने का पता चला। कार के अंदर देखा तो डेस बोर्ड के तार खुले पड़े थे और कार से ईसीएम गायब था। लोगों के एकत्रित होने पर पता चला कि उनके पास में ही खड़ी चार अन्य कारों के शीशे भी तोड़े गए हैं। इसकी सूचना लोगों ने तत्काल पुलिस को दी। पुलिस जानकारी कर वापस लौट गए। घटना का कोई सीसीटीवी फुटेज भी सामने नहीं आया है। लोगों ने एक ईसीएम की कीमत करीब 10 से 20 हजार रुपये बताई है।
पुलिस पर गश्त नहीं करने का आरोप
सोसायटी के लोगों ने बताया कि पुलिस गश्त नहीं करती है इसके चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं, जबकि सोसायटी के पास में ही रामप्रस्थ पुलिस चौकी है। सोसायटी में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। पिछले दिनों चोरों ने सोसायटी निवासी अनिल गुप्ता की नई कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, नकदी व जरूरी कागजात चोरी कर लिए, श्वेताभ सिंह की कार चोरी, 25 अगस्त को क्षितिज मिश्रा की साइकिल चोरी हो चुकी है।
इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि चोरों की तलाश में टीम को लगाया गया है।