बैंककर्मी से चेन और बुजुर्ग से कुंडल ले उड़े बदमाश
साहिबाबाद। टीएचए में बदमाशों ने दो अलग-अलग महिलाओं से कुंडल व सोने की चेन लूट ली। जयपुरिया स्कूल के पास मंगलवार दोपहर को बाइक सवार बदमाशों ने रेलवे बोर्ड अधिकारी की पत्नी से सोने की चेन व श्यामपार्क मेन में बुधवार सुबह को घर के बाहर बैठी महिला से सोने के कुंडल झपट लिए। पुलिस ने कुंडल की वारदात को टप्पेबाजी होना बताया है।
आपके सिर पर चींटा चल रहा, बदमाश ले उड़ा कुंडल
साहिबाबाद थाना क्षेत्र के श्यामपार्क मेन निवासी बॉबी की घर के सामने ही गुरु नानक इलेक्ट्रॉनिकल्स के नाम से बिजली की दुकान है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह को उनकी 80 वर्षीय मां कंवर कौर घर के बाहर बैठीं थीं। बॉबी के मुताबिक इसी दौरान बाइक सवार एक बदमाश आया। उनकी मां के सिर पर चींटा होने की बात कहने लगा। मां के सिर हाथ फिराते हुए दोनों कानों के कुंडल झपटकर ले गया। बॉबी की मां कुछ समझ पाती इतने में बाइक सवार बदमाश साहिबाबाद थाने की ओर भाग गया। कुंडलों की कीमत करीब 40 हजार रुपये के आसपास है। वारदात को अंजाम देते हुए बदमाश ने अपनी बाइक स्टार्ट ही रखी थी। पीड़ित महिला के परिजन की शिकायत पर साहिबाबाद थाने से पुलिस पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाश की तलाश में जुटी है।
कार से निकलने के दौरान ही लूट ली चेन
वसुंधरा सेक्टर-15 स्थित शिखर एंक्लेव में सतविंदर कौर परिवार संग रहती हैं। वह यूनियन बैंक ऑफ इंडिया बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। जबकि उनके पति गुरविंदर सिंह रेलवे बोर्ड में प्रिंसिपल प्रोजेक्ट इंजीनियर हैं। सतविंदर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बच्चे को वसुंधरा सेक्टर-14 स्थित जयपुरिया स्कूल से लेकर लौट रही थीं। स्कूल के गेट पास ही कार से उतरने के दौरान बाइक सवार बदमाश उनके गले से चेन लूटकर फरार हो गए। सतविंदर ने मामले की शिकायत इंदिरापुरम थाना पुलिस से की। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान में जुटी है।
एसपी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश में टीम को लगाया गया है। जल्द ही दोनों वारदातों का खुलासा कर दिया जाएगा।