ट्रैक पर गिरी बेटी को बचाने में मां की मौत
साहिबाबाद। बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही मां की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। साहिबाबाद गांव से शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे संगीता नाम की महिला अपनी बेटी दुर्गा को स्कूल छोड़ने के लिए स्टेशन जा रही थी तभी बेटी अचानक ट्रैक पर गिर गई। सामने से आ रहे ट्रेन से बेटी को बचाने के चक्कर में संगीता की मौत हो गई जबकि बेटी के पैर में फ्रैक्चर हो गया। राजकीय रेलवे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार की तरफ से कोई शिकायत नही दी गई है।
सरस्वती कालोनी में रहने वाले रवि निजी कंपनी में काम करते हैं। उनकी पत्नी संगीता रोजाना सुबह नौ साल की बेटी दुर्गा और बेटे संदीप (10) को दिल्ली आनंद विहार के सरकारी स्कूल में पढ़ने के लिए साहिबाबाद रेलवे स्टेशन छोड़ने जाती हैं। गांव के बीच से ही रेलवे का बंद फाटक है। अधिकांश लोग स्टेशन जाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। सुबह करीब साढ़े छह बजे संगीता बेटी दुर्गा का हाथ पकड़कर रेलवे स्टेशन जा रही थी। संदीप की शुक्रवार को छुट्टी थी। इस वजह से वह साथ नहीं गया था। इस बीच दुर्गा ट्रैक पार करते हुए अचानक गिर गई। तभी दूसरी तरफ से तेज रफ्तार में ट्रेन आ गई। संगीता ने तुरंत बेटी को ट्रैक से उठाकर बचाने का प्रयास किया, जिससे वह खुद ट्रेन की चपेट में आ गई। बुरी तरह टक्कर लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई जबकि दुर्गा भी ट्रेन की टक्कर से दूर जाकर गिरी। उसके पैर में फ्रैक्चर आया है। लोगों ने तुरंत लिंक रोड पुलिस को घटना की सूचना दी लेकिन रेलवे ट्रैक पर हादसा होने के कारण राजकीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच की। जीआरपी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि हादसे के बाद महिला की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी थी।
रेलवे प्रशासन ने साहिबाबाद गांव की तरफ बनाया है एफओबी
साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पार करते हुए गांव के लोग हादसे का शिकार होते थे। इस पर रेलवे के आला अधिकारियों ने स्टेशन के आसपास निरीक्षण कर एफओबी बनाने का निर्णय लिया था, जिसका काम पिछले महीने पूरा हो गया। बावजूद इसके साहिबाबाद गांव एफओबी का प्रयोग नहीं करते। इस वजह से घटना होती रहती हैं। वहीं, शुक्रवार को हादसे के बाद लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास रास्ते में तार बांध दिए।