वसुंधरा सेक्टर-3 में तिकोना पार्क के बाहर बृहस्पतिवार सुबह हरदोई की रहने वाली घरेलू सहायिका कंचन (20) का शव संदिग्ध परिस्थिति में चुन्नी से पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर घटनास्थल से घरेलू सहायिका का फोन भी बरामद किया। इंदिरापुरम पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को पेड़ पर शव लटका होने की सूचना मिली थी। युवती ने काले रंग का शूट और सफेद रंग की पजामी पहनी हुई थी जबकि युवती चुन्नी से पेड़ पर लटकी हुई थी। काफी देर तक पुलिस ने युवती की शिनाख्त के लिए लोगों को बुलाकर शव दिखाया लेकिन किसी ने पहचान नहीं की। कुछ देर बाद पुलिस को घटनास्थल से एक की-पैड वाला फोन बरामद हुआ। उसमें डायल नंबर से पता करने पर युवती की पहचान हरदोई निवासी कंचन के रूप में हुई। परिवार के लोग वसुंधरा सेक्टर-9 में झुग्गी बनाकर रहते हैं। कंचन भी परिवार को मदद करने के लिए घरों में सहायिका का काम करती थी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब 15 दिन पहले उसे वसुंधरा में एक युवक ने रसोई और साफ-सफाई का काम दिया था, लेकिन कंचन का व्यवहार देखकर उसे बिल्कुल भी ठीक नहीं लगा। इस वजह से एक हफ्ते पहले उसने कंचन को काम से हटा दिया। वह लगातार काम की तलाश कर रही थी। वहीं, पुलिस को उसके मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि कंचन एक युवक से काफी ज्यादा बात करती थी।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि कंचन बुधवार शाम करीब छह बजे परिवार के लोगों से किसी काम के बहाने घर से निकली थी फिर वह रात में घर नहीं लौटी। इस वजह से पुलिस घटना की हत्या या आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि घटनास्थल से युवती का फोन और चप्पलें मिली हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फोन की सीडीआर और तमाम पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर काफी गुत्थी सुलझ सकती है।