बिल अपडेट और डिलीवरी के बहाने एक लाख ठगे
साहिबाबाद। ठगों ने राजेंद्र नगर निवासी रेनू मेहरा को बिजली बिल अपडेट कराने और रामप्रस्थ कालोनी के आशुतोष पांडेय को क्रेडिट कार्ड की डिलीवरी करने का झांसा देकर दोनों के खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए। दोनों ने साइबर सेल को शिकायत देकर लिंक रोड व साहिबाबाद थाने में ठगी का मुकदमा कराया है।
रेनू ने बताया कि उनके पास बिजली बिल को अपडेट करने का मेसेज आया था। उन्होंने संबंधित नंबर पर कॉल की तो ठग ने झांसा देकर खातों से दो बार में 59053 रुपये और फिर 10 रुपये निकाल लिए। उन्होंने तुरंत बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र पर फोन कर ट्रांजेक्शन को रद्द कराया लेकिन तब तक ठग रकम निकाल चुका था। वहीं, आशुतोष का कहना है कि उन्होंने क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था। बैंक से क्रेडिट कार्ड को डिलीवरी कराने के लिए उन्हें मेसेज दिया गया। उन्होंने दिलशाद गार्डन की कुरियर कंपनी को फोन किया तो ठग ने झांसा देकर एक लिंक भेजा। उस पर क्लिक करते ही खाते से तीन बार में 56 हजार रुपये कट गए। सीओ साहिबाबाद स्वतंत्र कुमार का कहना है कि साइबर सेल टीम फोन नंबर और ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।