लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को शुक्रवार को दो माह के अंदर जान से मारने की धमकी मिली है। बलराम नगर कॉलोनी स्थित कार्यालय में स्पीड पोस्ट के माध्यम से उन्हें धमकी भरा पत्र मिला है। विधायक ने लोनी बॉर्डर थाने में तहरीर दी है। पुलिस धमकी देने वाले की पहचान में जुट गई है।
पत्र में लिखा है कि विधायक मीट की दुकानें बंद कराते हैं। कई सालों से देख रहा हूं। दो माह में काम कर दूंगा। पत्र में विधायक के लिए अभद्र भाषा लिखी है। विधायक ने बताया कि कोई साजिद अल्वी नाम का व्यक्ति है, पता दिल्ली का है। स्पीड पोस्ट कहां से आया है, पुलिस इसकी जांच कर कार्रवाई करे। इससे पहले से भी विधायक को कराची और दुबई से भी धमकी मिली है। इसकी जांच एटीएस कर रही है।
विधायक ने बताया कि डासना झील के पास एक कॉलोनी में एक धर्म के लोगों ने बैठक की है कि विधायक पर हमला कैसे किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अवगत करा दिया है। विधायक ने बताया कि क्षेत्र में भारी संख्या में रोहिंग्या हैं। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराएंगे।