सिलिंडर में गैस लीकेज से फैली आग, धमाके पर उखड़ी छत
साहिबाबाद। पंचशील कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब दस बजे घर में खाना बनाने के दौरान सिलिंडर में गैस लीकेज से आग लग गई। धमाके से कमरे की छत भी उखड़ गई। आग फैलने पर महिला बाहर की तरफ दौड़ी और शोर मचाया। साहिबाबाद स्टेशन से अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बचाव कार्य के दौरान टीम ने सबसे पहले कमरों में रखे चार सिलिंडर व लोगों को बाहर निकालकर बड़ी घटना को टाल दिया। आग से कमरे का सारा सामान जल गया।
दिल्ली संगम विहार निवासी रहीस का भोपुरा पंचशील कॉलोनी में प्लाट है। वहां कमरों में शाहिद, समरूद्दीन, जमाल अली और जीशान व दो अन्य लोग परिवार के साथ रहते हैं। सभी लोग चार पहिया वाहन चलाकर परिवार का गुजर बसर करते हैं। शुक्रवार सुबह समरूद्दीन की पत्नी सारबिन सुबह दस बजे खाना बना रही थी। इस दौरान अचानक सिलिंडर की गैस खत्म हो गई। उन्होंने सिलिंडर बदलकर सप्लाई चालू की तो गैस पाइप से लीकेज होने लगी। जैसे ही सारबिन ने चूल्हा चलाने के लिए माचिस जलाई। अचानक पूरे कमरे में फैली गैस ने आग पकड़ ली। वह शोर मचाती हुईं बाहर की तरफ दौड़ीं। अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। एफएसओ सत्येंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और ऊपर के कमरों में फंसे लोगों को बाहर निकाले। समरूद्दीन के कमरे की छत सिलिंडर के तेज धमाके से उखड़ गई। उसका मलबा पूरे कमरे में पड़ा था। दमकल कर्मियों ने आग बुझाकर बड़ी घटना होने से बचा लिया।
कमरे की छत उखड़ने से पड़ोसियों में दहशत
समरूद्दीन के कमरे की छत उखड़ने से लोगों में दहशत बैठ गई। फायर स्टेशन ऑफिसर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने सबसे पहले लोगों को सुरक्षा का भरोसा देकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। कमरे में रखा सामान जल गया। इसके अलावा अन्य किसी कमरे में कोई नुकसान नहीं हुआ।