वसुंधरा में सेक्टर-4 सी स्थित वार्तालोक सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। बृहस्पतिवार सुबह सोसायटी में कूड़ा उठाने पहुंचे सफाई कर्मचारी को कुत्ते ने काट लिया। लोगों की मदद से कर्मचारी को बचाया जा सका, बाद में उपचार के लिए ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कूड़ा उठाने वाला यासीन हर रोज की तरह बृहस्पतिवार की सुबह सोसायटी में सुबह पहुंचा। जैसे ही उसने सोसायटी में प्रवेश किया कुत्तों ने बुरी तरह से उस पर झपट्टा मारा। इतना ही नहीं एक कुत्ते ने यासीन के पैर पर काट लिया। पैर को कुत्ते के मुंह से लोगों की मदद से निकाला गया। सोसायटी निवासियों ने बताया कि इलाके में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई बार कुत्ते झुंड में रहते हैं और लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है।
दो माह में 15 लोगों को काट चुके हैं कुत्ते
एओए पदाधिकारियों का कहना है कि सोसायटी में पिछले दो माह में 15 से 16 लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। निवासियों का कहना है कि गली में घूमने वाले कुत्तों की संख्या पहले से दोगुनी हो गई है, जिससे लोग अपने घर से बाहर निकलने में भी डरते हैं।