चिकित्सक को कमरे में बंद कर लाखों की चोरी
इंदिरापुरम। बेखौफ चोरों ने बुधवार देर रात वसुंधरा सेक्टर-2बी में चिकित्सक पारस डबास को कमरे में बंद कर ढाई लाख कीमत की घड़ी, 30 हजार नकद और सोने के गहने व अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं, शालीमार गार्डन चौकी क्षेत्र के विक्रम एंक्लेव में एमसीडी के सफाई कर्मी प्रेम सागर के घर का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये, तीन मोबाइल फोन और सामान चोरी कर लिया।
वसुंधरा निवासी डॉ. पारस डबास ने बताया कि उनकी पत्नी पूजा डबास ऋषिकेश एम्स में बाल रोग एवं प्रसूति चिकित्सक हैं। तीन मंजिला मकान में वह पहले फ्लोर पर रहते हैं। बीती रात क्लीनिक से लौटकर वह खाना खाकर सो गए थे। तीन बजे अचानक आंखें खुलने पर कमरे से निकलने के लिए गेट खोला तो गेट बाहर से बंद था। एसी के बराबर से बाहर की तरफ देखा तो मेन गेट खुला था। उन्हें शक हुआ तो तुरंत किरायेदार दुष्यंत, रूपेश व अजीत को फोन किया लेकिन उनका भी गेट बाहर से बंद था। चिकित्सक का कहना है कि चोरों ने ढाई लाख कीमत की चार घड़ी, 30 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, कपड़े और अन्य सामान चोरी कर लिए। तुरंत सूचना डायल-112 पर पुलिस को दी। इंदिरापुरम पुलिस सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान करने में जुटी है। बताया कि फ्लैट के पीछे रेलवे लाइन है, चोरों ने सोसायटी की बाउंड्रीवाल पर लगी फेंसिंग को भी काटकर अंदर प्रवेश किया था।
एमसीडी कर्मी के परिवार को नहीं लगी चोर की भनक
प्रेम सागर की पत्नी मधु सागर घरेलू सहायिका हैं। रात करीब दस बजे बेटा अभिषेक और विवेक सहित सभी अपने कमरों में सो गए। इस बीच चोर पीछे खाली पड़े मकान की छत पर चढ़कर उनके घर में घुस गया और कमरे से 50 हजार रुपये, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया। पड़ोसी ने रात करीब ढाई बजे संदिग्ध को घर से बाहर निकलते देखा तो शोर मचा दिया। नींद से जागने पर प्रेम सागर ने पुलिस को चोरी की सूचना दी।
पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। एक टीम को इलाके के संदिग्धों पर भी नजर रखने के लिए लगाया है।