पतंजलि योगपीठ में बुकिंग के नाम पर बुजुर्ग से 71 हजार ठगे
इंदिरापुरम। वसुंधरा निवासी दिनेश के साथ पतंजलि में उपचार कराने के नाम पर 71 हजार रुपये की ठगी हुई है। वहीं, वसुंधरा की एक दुल्हन का मेकअप करने के नाम पर जयपुर की महिला ठग ने 1.10 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। दोनों मामलों में इंदिरापुरम पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
बुजुर्ग दिनेश का कहना है कि उन्होंने हरिद्वार पतंजलि योगग्राम में आयुर्वेदिक उपचार के लिए ऑनलाइन फार्म भरा था। चार जुलाई को सचिन नाम के युवक का फोन आया। उसने खुद को योगग्राम का कार्मिक बताया। ठग ने बातचीत में विभिन्न तरह की जानकारी देकर अपने खाते में 71 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन करा ली। कई दिन बाद जब योगग्राम से फोन नहीं आया तो उन्हें शक हो गया। जांच में सचिन के फ्रॉड होने का पता चला। दूसरी तरफ, वसुंधरा की युवती की शादी जिम कार्बेट में युवक के साथ तय हुई थी। उसने शादी के लिए ऑनलाइन मेकअप करने वाली महिला से संपर्क किया। महिला ने जिम कार्बेट जाने, वहां रहने और खाने-पीने का खर्चा बताकर 1.10 लाख ले लिए। शादी की तरीख नजदीक आई तो महिला ने अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ जयपुर से आने का खर्चा बता दिया। युवती ने मना किया तो महिला ने फोन बंद कर दोबारा संपर्क नहीं किया और उसके पैसे भी नहीं दिए। दोनों मामलों में इंदिरापुरम पुलिस ने मेकअप करने वाली मीरा भंडारी और पतंजलि कार्मिक बनकर ठगी करने वाले सचिन अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र का कहना है कि मोबाइल नंबर के आधार पर जांच की जा रही है।