शिविर में एक्सटेंशन बोर्ड से कांवड़िए को लगा करंट, मौत
साहिबाबाद। कांवड़ शिविर में एक्सटेंशन बोर्ड से मोबाइल चार्ज करने के दौरान कांवड़िए की करंट लगने से मौत हो गई। कांवड़िया विक्की अपने ग्रुप के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर दिल्ली लौट रहा था। हिंडन चौकी के पास सभी विश्राम के लिए कांवड़ सेवा शिविर में रूके थे। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी।
दिल्ली के सीमापुरी निवासी 20 वर्षीय विक्की सोमवार शाम को हिंडन चौकी के पास एक कांवड़ शिविर में रुक गया। पुलिस के मुताबिक आराम करने के दौरान विक्की अपने मोबाइल को चार्ज करने के लिए एक्सटेंशन बोर्ड लगा दिया। इसी दौरान एक्सटेंशन बोर्ड में करंट आ गया। एक्सटेंशन बोर्ड पर विक्की का पैर पड़ गया। उसने बोर्ड को झटककर दूर करने का प्रयास किया लेकिन इसकी चपेट में आ गया। विक्की को नरेंद्र मोहन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। साहिबाबाद सीओ अभिजीत आर शंकर ने बताया कि करंट लगने से कांवड़िए की मौत हो गई है। अग्रिम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
हादसे के बाद शिविर हटाने का शुरू हुआ काम
हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने शिविर को हटाना शुरू किया। शिविर में रुके हुए कांवड़िए दूसरे शिविर में चले गए। साहिबाबाद थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी ने बताया की पूछताछ के लिए आयोजक समिति के पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।
साथ में था छोटा भाई
विक्की ओल्ड सीमापुरी ए ब्लॉक का रहने वाला था। वह अपने छोटे भाई सुनील के साथ कांवड़ लेकर लौट रहा था। घटना की सूचना पाकर पिता हरिचंद और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।
18 घंटे में करंट लगने से दूसरी मौत
पिछले 18 घंटे में करंट लगने से कांवड़िए सहित दो की मौत होना सरकारी मशीनरी की लापरवाही को भी दर्शाता है। रविवार रात करीब 11 बजे दूधेश्वरनाथ मंदिर में मुजफ्फरनगर निवासी कुलदीप की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के दौरान मौत हो गई थी।