सराफा की दुकान पर टॉय गन लेकर लूटने पहुंचे बदमाश, गिरफ्तार
वसुंधरा। प्रहलादगढ़ी चौकी से चंद कदम दूर शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश टॉय गन के साथ वसुंधरा सेक्टर-16 स्थित गीता ज्वैलर्स में लूट करने घुस गए। बैग में गहने भरने के दौरान दो कर्मचारी बहादुरी दिखाकर उनसे भिड़ गए। काफी देर तक कर्मचारियों की बदमाशों से सड़क पर भिड़ंत हुई। दोनों खुद को घिरा देख बाइक छोड़कर पैदल ही भाग गए। इंदिरापुरम पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।
सराफ शुभाशीष गीता ज्वैलर्स के मालिक हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे दुकान में सुरेंद्र और दीपक दो कर्मचारी थे। तभी बाइक पर सवार दो लुटेरे कैप और मास्क लगाकर दुकान में घुस गए। वह वारदात को अंजाम देने के लिए पहले तो गहने देखने लगे लेकिन मौका पाकर अचानक तमंचा निकालकर कर्मचारियों पर तान दिया हालांकि यह हथियार बच्चों के खेलने वाला खिलौना था। बदमाश जब बैग के अंदर रैक से गहने निकालकर रख रहे थे। तभी कर्मचारी बहादुरी दिखाकर भिड़ गए। दूसरी तरफ सराफ शुभाशीष ने मोबाइल पर सीसीटीवी कैमरे की लाइव फुटेज देखी तो वह तुरंत दुकान की तरफ दौड़े। उन्होंने शटर गिराकर लुटेरों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश उन्हें और कर्मचारियों को धक्का देकर बाहर निकल गए। बदमाशों ने सुरेंद्र पर पेचकस व शुभाशीष को पैर से मारा। बावजूद इसके तीनों लोगों ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाते हुए सड़क किनारे ही बदमाशों को दबोचने का प्रयास करते रहे। इंदिरापुरम पुलिस ने बाइक से मिली नंबर प्लेट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों को वसुंधरा से गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम तृतीय अभय कुमार मिश्रा का कहना है कि दोनों लुटेेेरों की पहचान अर्चित और करन निवासी शालीमार गार्डन के रूप में हुई। दोनों वीडियो बनाने का काम करते हैं और उन्होंने वीडियो के लिए ही खिलौने वाली गन खरीदी थी। इसी से दोनों दिनदहाड़े वारदात करने आए थे। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है।