हथियार के बल पर दुकानदार से सिगरेट की डिब्बियां लूटीं
वैशाली। सेक्टर-3 में तीन लुटेरों ने दुकानदार से हथियार के बल पर लूट की। विरोध करने पर लुटेरों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी। कौशांबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वैशाली में देव गुप्ता की गुप्ता स्टोर के नाम से पान की दुकान है। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब एक बजे पल्सर सवार तीन लुटेरे दुकान पर पहुंचे और कमर पर हथियार सटाकर मुंह दबा दिया। इस बीच दो लुटेरों ने महंगी सिगरेट की डिब्बियां और अन्य सामान एक थैले में भर लिया। इसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। वारदात के बाद लुटेरे फरार हो गए। शोर मचाने पर लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोपहर की डेढ़ घंटे की फुटेज देखी उसमें कोई पल्सर बाइक नजर नहीं आ रही है। आसपास के लोगों ने भी वारदात को नहीं देखा। ऐसे में घटना संदिग्ध लग रही है। पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर रहे हैं।