आबकारी विभाग ने कैफे में मारा छापा
इंदिरापुरम। आबकारी विभाग ने स्थानीय पुलिस के साथ मंगलवार को इंदिरापुरम स्थित हैबिटेट सेंटर मॉल में चल रहे बियर हाउस कैफे में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। टीम को मौके से भारी मात्रा में बियर और शराब मिली हैं। आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा ने बताया कि छापे के दौरान कैफे से मैनेजर कोमल कुमार निवासी सेक्टर 1 वसुंधरा, अकाउंटेंट कमलदीप सिंह निवासी प्रताप विहार गाजियाबाद, कर्मचारी सोनू कुमार निवासी तहसील और प्रकाश कुमार निवासी सैदपुरी जनपद बिजनौर को गिरफ्तार किया है। मौके से 79 बोतल बियर, 4 बोतल वाइन और रम बरामद हुई हैं। यहां ग्राहकों को शराब परोसी जाती थी। कैफे के पास न तो शराब स्टॉक का लाइसेंस था और ना ही बिक्री का। अवैध शराब बिक्री की रोकथाम को लेकर टीम द्वारा अभियान चलाया जा रहा। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों सहित संचालक परविंदर सिंह निवासी भलसवा नई दिल्ली के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।