अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना बाइक और 16 मोबाइल के साथ गिरफ्तार
साहिबाबाद। पुलिस ने शहीद नगर से वसीम पुत्र मुन्ना (36) को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस ने चोरी के 16 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। सीओ साहिबाबाद अभिजीत आर शंकर ने बताया कि वसीम के पास से बरामद बाइक दिल्ली के मोहनपुरी से एक महीने पहले चोरी हुई थी। इसके बाद बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा। आरोपी ने अपने गिरोह में हर जगह के सदस्यों को जोड़ रखा है। वह अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना है। पूछताछ में सामने आया कि वसीम ने बरामद दिल्ली व यूपी बॉर्डर के अलग-अलग स्थानों से मोबाइल चोरी किए थे, लेकिन सभी मोबाइल के बारे में सही व सटीक जानकारी नहीं दे सका। पुलिस अब उनकी आईएमइआई नंबर के आधार पर लोगों से संपर्क करेगी। सीओ का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली के थानों में 32 से ज्यादा चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के अन्य शातिरों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।