आर्चरी टूर्नामेंट में सिल्वर मेडल विजेता साक्षी चौधरी।
नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता में साक्षी चौधरी ने जीता सिल्वर
गाजियाबाद। यूथ तीरंदाजी वर्ल्ड चैंपियनशिप की एकल स्पर्धा की सिल्वर मेडलिस्ट साक्षी चौधरी की जीत का सिलसिला लगातार जारी है। हैदराबाद में हुई नेशनल रैकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए साक्षी ने सिल्वर मेडल हासिल किया है। जीत के बाद आठ जनवरी से सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता की साक्षी ने तैयारी शुरू कर दी है। इससे पहले बीते साल नवंबर माह में साक्षी ने सोनीपत हरियाणा साई सेंटर में हुए खेलो इंडिया के पहले एडिशन में जूनियर वर्ग में एक सिल्वर और एक ब्रांज मेडल जीता था। पिछले साल ही साक्षी ने पोलैंड में हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश का मान बढ़ाया था। साक्षी साई सेंटर सोनीपत में होने वाले एशियन गेम्स के ट्रायल की तैयारी में जुटी हुई हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मां शशि चौधरी और दिल्ली की देवांश आर्चरी एकेडमी के कोच विकास व सुरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन को दिया। पिता जितेंद्र चौधरी ने साक्षी की जीत को उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।
----