भाजपा नेता के बेटों के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली महिला ने भाजपा नेता के दो बेटों पर बिजली चोरी और विरोध करने पर घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने नेता के दोनों बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महिला का कहना है कि उनके पति यूपी पुलिस में कार्यरत हैं। आरोप है कि उनके फ्लैट में लगे मीटर से भाजपा नेता साहब सिंह सिरोही के बेटे बिजली चोरी करके अन्य फ्लैट में देते हैं। कई बार शिकायत करने पर भी वह नहीं मानें। रविवार को उन्होंने फिर से फोन मिलाकर उनसे ऐसा करने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। ऐसे में उसके दोनों बेटे पवन और गौरव उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने मारपीट और छेड़छाड़ भी की। महिला का कहना है कि जिस सोसायटी में वह रहती हैं वह भाजपा नेता ने ही बनवाई थी। सोसायटी में वह अपने दोनों बेटों के साथ रहती हैं। कविनगर थाना प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि मामले में पवन और गौरव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।