मुरादनगर में शनिवार को शहर की डागर विहार कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने आत्महत्या की है। मृतक युवक के गले और मुंह पर चोट के निशान बताए गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मूल रूप से थाना क्षेत्र के सुठारी गांव निवासी प्रमोद शर्मा 45 वर्षीय शहर की डागर विहार कॉलोनी में परिवार सहित किराए के मकान में अपने भाई के साथ रहता था ।शनिवार को परिवार के लोग जब सुबह उठे तो प्रमोद को आवाज लगाई, लेकिन वह नहीं उठा।
परिजनों ने देखा तो वह मदहोश पड़ा हुआ था ।यह देख परिवार में कोहराम मच गया। उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन जब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुरादनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
आशंका जताई जा रही है कि युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। मृतक युवक शराब पीने का भी आदि था। मृतक युवक के गले और मुंह पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं। जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है।
एसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि डागर विहार कॉलोनी में एक युवक की मौत की सूचना मिली थी ।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत कैसे हुई है वास्तविक स्थिति का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।