कार सवार अकाउंटेंट ने पुलिस को 12 किमी दौड़ाया, गिरफ्तार
गाजियाबाद। कार में शराब पी रहे अकाउंटेंट ने कविनगर पुलिस को देर रात 12 किलोमीटर दौड़ाया। पुलिस की कई लैपर्ड टीम अकाउंटेंट को पकड़ने में लगी, तब करीब आधे घंटे बाद वह हाथ आया। पुलिस ने तलाशी ली तो कार में तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर कार को सीज कर दिया है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि डायमंड फ्लाईओवर के पास लोग कार में शराब पी रहे हैं। सूचना पर लैपर्ड सवार दो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे तो सड़क किनारे खड़ी एक कार में व्यक्ति शराब पी रहा था। पुलिस ने दरवाजा खोलने के लिए कहा तो उसने कार औद्योगिक क्षेत्र में दौड़ा दी। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया तो वह लोहा मंडी में घुस गया। इसके बाद अन्य पीसीआर व लैपर्ड को सूचना देकर कार सवार को पकड़ने के लिए भेजा गया। तीन टीमों ने मिलकर करीब आधे घंटे बाद कार सवार युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि वह मूलरूप से एटा के पुरियार का रहने वाला है और उसका नाम संजय है। फिलहाल वह रजापुर में रहता है और एक केमिकल फैक्टरी में अकाउंटेंट के पद पर तैनात है। एसीपी ने बताया कि जांच की जा रही है कि उसने कार में तमंचा क्यों रखा था।