आईआईए के जरिये 1233 करोड़ निवेश के आए 243 प्रस्ताव
गाजियाबाद। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) गाजियाबाद चैप्टर के जरिए 1233 करोड़ के 243 प्रस्ताव आए हैं। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित होने वाले इन लघु उद्योगों से 16 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। निवेश संबंधी इन प्रस्तावों के विभागीय स्तर पर करार जारी है। फरवरी में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में इन प्रस्तावों को शामिल किया जाएगा।
आईआईए गाजियाबाद चैप्टर की शुक्रवार को हुई बैठक ई-व्हीकल क्लस्टर और निजी औद्योगिक पार्क विकसित किए जाने पर मंथन हुआ। फिर प्रस्तावों के बाबत जानकारी देते हुए आईआईए वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज सिंघल ने कहा कि प्रदेश को एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में आईआईए की ओर से पूरा सहयोग किया जा रहा है। गाजियाबाद के साथ सभी जनपदों में आईआईए के माध्यम से निवेशक आगे आ रहे हैं।
आईआईए गाजियाबाद चैप्टर के चेयरमैन राकेश अनेजा ने बताया कि जनपद स्तर पर 25 जनवरी को आयोजित होने वाले इंवेस्टर्स समिट में चैप्टर का पूरा सहयोग रहेगा। समिट की सफलता के लिए आईआईए जिला प्रशासन के साथ कार्य कर रहा है। जनपद गाजियाबाद में अब तक 86629 करोड़ के 2571 प्रस्ताव निवेशकों ने दिए हैं। जनपद में 87 हजार करोड़ के निवेश के आंकड़े को छूने केलिए जनपद स्तरीय समिट में सफलता मिलेगी। उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने कहा कि समिट की सफलता केलिए उद्यमियों का हर संभव सहयोग मिल रहा है। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव प्रदीप कुमार गुप्ता, गाजियाबाद चैप्टर सचिव संजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय गर्ग, इलेक्ट्रॉनिक्स समिति चेयरमैन एसके शर्मा, पीएनजी व पर्यावरण समिति चेयरमैन मनोज कुमार सहित आदि लोग मौजूद रहे।
-