अवध-असम एक्सप्रेस में टीटीई ने यात्री को पीटा
गाजियाबाद। अवध-असम एक्सप्रेस में टीटीई ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि टीटीई के जुर्माना लगाने की बात पर युवक ने टीटीई से पूछ लिया कि किस बात का जुर्माना लगा रहे हो। इसकी वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चलने के बाद मामले की जानकारी मिली। इस मामले में टीटीई ने अभद्रता के आरोप में युवक को जीआरपी के हवाले कर दिया है वहीं युवक ने भी टीटीई के खिलाफ पिटाई करने की तहरीर दी है।
यह घटना बहादुरगढ़ के पास की है। वारिस नामक युवक ने इस घटना की विडियो बनाई है और वीडियो में टीटीई युवक को पीटते हुए नजर आ रहा है। इसमें युवक कह रहा है कि आप जुर्माना लगा दो, लेकिन पीटो मत। मैं आपकी शिकायत करूंगा। इतना कहते ही टीटीई अचानक आगे आता है और युवक को थप्पड़ मारना शुरू कर देता है।
मोहम्मद वारिस ने विडियो में जानकारी दी है कि वह अमरोहा का रहने वाला है। अमरोहा स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ा था। उसका कहना है कि भीड़ अधिक होने के कारण वह जनरल कोच के बजाय स्लीपर कोच में चढ़ गया। अमरोहा-गजरौला के पास टीटीई चेकिंग करने के लिए आए। उन्होंने स्लीपर कोच में चढ़ने पर आपत्ति जताई और 300 रुपये की रसीद काटने लगे। उसने यह कहा भी कि वह अगले स्टेशन हापुड़ में उतर जाएगा, लेकिन वह 300 रुपये मांगने लगे। जब उसने जुर्माने की रसीद मांगी तो उसे पीटने लगे। बाद में टीटीई ने अभद्रता का आरोप लगाते हुए यात्री को गाजियाबाद जीआरपी के हवाले कर दिया। वहीं यात्री ने टीटीई के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है।