दिल्ली से लाकर सोसायटियों में घुसाए जा रहे कुत्ते : विधायक
गाजियाबाद। आवारा कुत्तों के सोसायटी में प्रवेश के खिलाफ रिवर हाइट्स सोसायटी में निवासियों के जारी धरने में पहुंचे साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा बोले कि दिल्ली से आवारा कुत्ते लाकर गाजियाबाद की सोसायटियों में घुसाए जा रहे हैं। इस साजिश में आम आदमी पार्टी के कुछ लोग शामिल हैं। वह एक-दो दिन में नगर निगम के अधिकारियों को बुलाकर सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के तहत समस्या का स्थायी समाधान कराएंगे।
धरना स्थल पर निवासियों से मिलने पहुंचे भाजपा विधायक का वीडियो मंगलवार शाम वायरल हो गया। सुनील शर्मा ने कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या शहर भर में है। आरडब्ल्यूए और एओए के बहुत सक्रिय होने के कारण कुत्ते यहां पैदा नहीं हुए हैं, बल्कि उन्हें यहां लाया गया है। इसमें कुछ स्वयंसेवी संस्थाएं और आम आदमी पार्टी के सदस्यों का हाथ है। इसमें बड़ी फंडिंग भी हो रही है। इससे फसाद पैदा हो रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस लड़ाई में मैं आपके साथ हूं। निवासियों से इस सर्दी में धरना देना उचित नहीं होने की बात कहते हुए उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई कराने की बात कही।
छठवें दिन जारी रहा धरना, निगम अधिकारियों से हुई वार्ता
आवारा कुत्तों के खिलाफ रिवर हाइट्स सोसायटी में छठवें दिन धरना प्रदर्शन जारी रहा। मंगलवार को पशु चिकित्सा जनकल्याण अधिकारी डॉ. अनुज सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने फेडरेशन के अध्यक्ष कर्नल टीपी त्यागी, रिवर हाइट सोसायटी अध्यक्ष सुबोध त्यागी सहित अन्य पदाधिकारियों से बीत की। निगम अधिकारियों के सामने निवासियों ने अपनी कई मांगों को रखा। डॉ. अनुज ने कॉमन फीडिंग प्वॉइंट कहां बनाना है, बता दें। अगर सोसायटी से बाहर बनाना चाहते हैं तो लिखित में दें, ताकि उसकी अनुमति ली जाए। उन्होंने नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही। कर्नल टीपी त्यागी ने कहा कि विभागीय अधिकारी स्वयंसेवी संस्थाओं पर अंकुल लगाने केलिए कोई प्रावधान न होने की बात कर रहे हैं। सोसायटी में कुत्तों का प्रवेश करवाया जाता है, क्योंकि उन एनजीओ को करोड़ों की फंडिंत होती है। यह एक व्यवसाय है, न कि समाज सेवा या पशु प्रेम। सोसायटी अध्यक्ष सुबोध त्यागी ने कहा कि लगभग सभी कुत्ता प्रेमी किरायेदार हैं। उन्हें अन्य लोगों केलिए समझना होगा। अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो सोसायटी में होने वाला प्रदर्शन नगर निगम मुख्यालय पर आ जाएगा। फेडरेशन के महासचिव केके यादव ने कहा कि निगम अधिकारी अपना पल्ला झाड़ते हुए कई बिंदुओं पर पुलिस और अन्य विभागों पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।