बैंक में बंधक फ्लैट को बेचा, अब आवंटी पर लोन चुकाने का दबाव
गाजियाबाद। बैंक में बंधक फ्लैट को धोखाधड़ी से सदरपुर के एक व्यक्ति को 19.40 लाख रुपये में बेच दिया गया। अब बैंक से 13 लाख के लोन का नोटिस पहुंचा तो फ्लैट खरीदार को धोखाधड़ी का पता चला। फ्लैट बेचने वाला विक्रेता अब फरार है। अब बैंक के अधिकारी फ्लैट खरीदार पर लोन चुकाने का दबाव बना रहे हैं और लोन न चुकाने पर उन्होंने फ्लैट को नीलाम करने की चेतावनी दी है।
मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी बनवीर सिंह (70) का कहना है कि मार्च 2014 में उन्होंने गोविंदपुरम के पास केशव कुंज में स्थानीय निवासी हरेंद्र कुमार से 19.40 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने बताया कि पूरी रकम देकर उन्होंने बैनामा करा लिया था। हरेंद्र ने बैनामा की मूल प्रति कुछ दिन बाद देने का वादा किया था। बाद में उन्हें पता चला कि इस फ्लैट पर सेंट्रल बैंक से 13 लाख रुपये का लोन पूर्व में लिया जा चुका है। इसका भुगतान न किए जाने पर बैंक की ओर से उनके पास नोटिस पहुंच रहे हैं। उन्होंने हरेंद्र से इसकी शिकायत की तो उसने लोन चुका देने और बैंक की एनओसी व मूल बैनामा लाकर देने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद अभी तक न तो लोन चुकता किया गया और न ही मूल बैनामा दिया। अब बैंक के अधिकारी फ्लैट को नीलाम करने की धमकी दे रहे हैं। बनवीर सिंह का कहना है कि इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने अदालत में याचिका दाखिल की। अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। एसीपी कविनगर का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।