कोहरे से नौ लोकल ट्रेन निरस्त, 12 ट्रेन देरी से पहुंची
गाजियाबाद। कोहरे के कारण ट्रेनों के आवागमन पर बुरी तरह से असर पड़ा है। ट्रेनों का शेड्यूल सुधारने के लिए रेलवे ने सोमवार नौ लोकल ट्रेनों को निरस्त कर दिया, जबकि 12 ट्रेनें पांच से सात घंटे की देरी से पहुंची। इस कारण से दैनिक यात्रियों को साल के पहले दिन कार्यालय जाने में परेशानी हुई। कई लोगों ने ऑटो, मेट्रो और रोडवेज का सहारा लिया।
गाजियाबाद स्टेशन से प्रतिदिन 20 से 25 हजार दैनिक यात्री दिल्ली, फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, मेरठ और मुरादाबाद जाते हैं। सोमवार को ट्रेन निरस्त होने से स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को निराश होना पड़ा। पिछले 15 दिन से कोहरे के कारण ट्रेनों संचालन पर असर पड़ा है। लंबी दूरी की 22 ट्रेनें पहले ही निरस्त हो चुकी हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से आने वाली अधिकांश एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेन पांच से सात घंटे की देरी से चल रही हैं।
स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन निरस्त की मिली जानकारी
गोविंदपुरम निवासी रोहित चौधरी ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करते हैं। सोमवार को स्टेशन पर पहुंचे तो जानकारी मिली कि ईएमयू निरस्त है और दूसरी ट्रेन तीन से चार घंटे देरी से थीं।
पलवल ईएमयू निरस्त थी कर ली छुट्टी
संजय नगर निवासी अशोक कुमार ने बताया कि प्रतिदिन पलवल ड्यूटी करने जाते हैं। स्टेशन पहुंचने पर जानकारी मिली कि ट्रेन निरस्त है। वहां तक सीधे कोई ट्रेन नहीं थी, इसलिए छुट्टी कर ली।
निरस्त होने वाली ट्रेनें
नई दिल्ली ईएमयू
गाजियाबाद दिल्ली ईएमयू
दिल्ली गाजियाबाद ईएमयू
पलवल गाजियाबाद ईएमयू
गाजियाबाद पलवल ईएमयू
मुरादाबाद अप/डाउन मेमू
मेरठ अप/डाउन मेमू
देरी से गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंची ट्रेनों की स्थिति
श्रमजीवी 6:52 घंटे
सुहेलदेव 6:26 घंटे
गरीब रथ 5:50 घंटे
पदमावत 4:04 घंटे
उत्कल 3:34 घंटे
काशी विश्वनाथ 3:01 घंटे
सत्याग्रह 3:10 घंटे