किशोरी के आत्महत्या के मामले में 10वीं के छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
गाजियाबाद। मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र में रहने वाली कक्षा-6 की छात्रा के फंदा लगाकर जान देने के मामले में परिजनों ने उसी के स्कूल के एक छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि 10वीं के छात्र से उनकी बेटी तंग आ गई थी। वह उसे रोजाना परेशान करता था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्रा के पिता रनवीर का कहना है कि उनकी 14 साल की बेटी शिवानी छठीं कक्षा में पढ़ती थी। एक दिसंबर को छोटे भाई-बहन स्कूल चले गए। वह अपनी कैब लेकर चले गए और छात्रा की मां भी घर से बाहर गई थी। इस दौरान घर में शिवानी अकेली थी। दोपहर को शिवानी ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों की सूचना पर घर पहुंचे और शिवानी को अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। छात्रा के परिजनों से पुलिस ने पूछताछ कर आत्महत्या का कारण जानने का प्रयास किया है। उसके पिता ने पुलिस को बताया था कि शिवानी के स्कूल में 10वीं कक्षा का एक छात्र उसे रोजाना परेशान करता था। मधुबन बापूधाम थाना प्रभारी नीरज तोमर का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर छात्र से पूछताछ की जाएगी। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।