अपहरण के मामले में अमनमणि को किया था पुलिस के हवाले
गाजियाबाद। सारा सिंह के पति पूर्व विधायक अमनमणि को हिरासत में लेने के बाद अपहरण के एक अन्य मामले में लखनऊ के थाना गौतमपल्ली पुलिस को सुपुर्द किया था। यह बयान सीबीआई जज ईश्वर सिंह की अदालत में नंगला थाने के तत्कालीन एएसआई लोकेंद्र पाल ने दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नौ जुलाई 2015 को अमनमणि त्रिपाठी को हिरासत में लिया था। तत्कालीन पुलिस कांस्टेबल भजनलाल की जिरह पूरी होने के बाद लोकेंद्र के बयान दर्ज हुए। भजनलाल ने अपने बयान में बताया कि नौ जुलाई 2015 को तत्कालीन एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव के गोपनीय आवास पर टेलीफोन सुनने की ड्यूटी पर तैनात था, उसी दौरान कार दुर्घटना की जानकारी हुई थी।
छह महीने के बाद शुरू हुई गवाही
अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता नवनीत त्यागी बयाना ने बताया कि इस मामले में छह महीने के बाद बुधवार को गवाही हुई। इसके पहले अदालत खाली होने से सिर्फ तारीख लग रही थी। उन्होंने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जाते समय नौ जुलाई 2015 को फिरोजाबाद में हाइवे पर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसमें सारा सिंह की मौत हो गई थी, जबकि अमनमणि को खरोंच तक नहीं आई थी। घटना के बाद सारा की मां सीमा सिंह ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।