हिंडन से लखनऊ व अयोध्या के लिए जल्द शुरू होगी उड़ान
साहिबाबाद। उप मुख्यमंत्री ने हिंडन एयरपोर्ट से जल्द ही नए शहरों के लिए उड़ान शुरू कराने का भरोसा एयरपोर्ट निदेशक को दिया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली जाने के लिए सोमवार शाम को विमान से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे थे।
एयरपोर्ट की निदेशक सरस्वती वेंकटरमण ने केशव प्रसाद मौर्य के सामने लखनऊ, अयोध्या और प्रयागराज सहित प्रदेश के अन्य शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू कराने का मौखिक रूप प्रस्ताव रखा। निदेशक ने बताया की मौर्य ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उड़ान शुरू कराने का भरोसा दिया है।
निदेशक सरस्वती वेंकटरमण ने कहा यदि लखनऊ, अयोध्या और प्रयागराज सहित अन्य शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू हो जाती है तो लोगों को काफी राहत मिलेगी। वर्तमान में हिंडन एयरपोर्ट से दो शहरों के लिए उड़ान सेवा है। कर्नाटक के कलबुर्गी और हुबली के लिए नियमित उड़ान सेवा है। जबकि अयोध्या, नासिक और कुशीनगर के लिए उड़ान प्रस्तावित है।