निकाय चुनाव के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करेंगे योगी आदित्यनाथ
गाजियाबाद। लंबे समय बाद गाजियाबाद में राजनीतिक जनसभा को संबोधित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर निकाय चुनाव के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करेंगे। पश्चिम की धरती से चुनाव का शंखनाद कर योगी पूरब की ओर बढ़ेंगे। इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान अंबेडकर रोड पर खुले वाहन में रोड शो कर उन्होंने चुनाव का माहौल बदल दिया था।
विधानसभा चुनाव और दोबारा मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद यह पहला मौका होगा जब, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसी राजनीतिक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवधि में वह गाजियाबाद में तो आए, लेकिन सरकारी योजनाओं का निरीक्षण करने। तीन महीने पहले उन्होंने गाजियाबाद में रात्रि प्रवास कर अधिकारियों की बैठक ली, जनप्रतिनिधियों से वार्ता की, लेकिन कोई राजनीतिक जनसभा नहीं की। अब उन्होंने निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान संभाली है।
शाम साढ़े चार बजे पहुंचेंगे
भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 नवंबर को शाम साढ़े चार बजे पहुंचेंगे। रविवार को पार्टी जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महानगर प्रभारी अमित वाल्मीकि ने कविनगर रामलीला मैदान में कार्यक्रम स्थल पर पहुंच तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर हर निकाय से डॉक्टर, अधिवक्ता, इंजीनियर, उद्यमी, साहित्यकार समेत प्रबुद्ध वर्ग के अन्य लोगों को कार्यक्रम में लाने की जिम्मेदारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में पार्टी के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले 21 नवंबर की शाम तक मंच आदि की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।