पांच साल में नहीं दी उधारी, अदालत ने जारी किया वारंट
गाजियाबाद। पड़ोसी से लिए गए दो लाख रुपये वापस नहीं करने पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने स्कूल प्रबंधक और उनकी पत्नी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। अगली सुनवाई के लिए तीन दिसंबर की तारीख लगाई है।
अधिवक्ता खालिद खान ने बताया कि पटेल नगर द्वितीय निवासी सचिन शर्मा के पड़ोस में राजीव मल्होत्रा और उनकी पत्नी पूजा रहते थे। दोनों पटेल नगर और नंदग्राम में शिखर पब्लिक स्कूल चलाते हैं। पड़ोस में रहने से दोनों का आपस में रुपयों का लेनदेन होता रहता था। राजीव मल्होत्रा ने सचिन से पांच अगस्त 2017 को दो लाख रुपये मांगे। राजीव ने कहा कि पत्नी पूजा के जन्मदिन पर मुरादनगर में एक नया स्कूल खोलने के लिए प्लॉट खरीदना चाहते हैं। पुराने संबंधों के चलते 15 अगस्त को दो लाख रुपये दे दिए। घर जाने के लिए स्कूटी भी मांगकर ले गए। आरोप है कि इसके बाद न रुपये वापस किया और न ही स्कूटी दी। रुपये और स्कूटी वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। इसके बाद अदालत का दरवाजा खटखटाया था।