वेटलिफ्टिंग में हरियाणा की भावना ने बनाए दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड
गाजियाबाद। मोदीनगर में चल रही खेलो इंडिया राष्ट्रीय रैंकिंग महिला वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में रविवार को 59, 64 और 71 किलो भारवर्ग में दो नए कीर्तिमान बने। 64 किलो जूनियर भारवर्ग में हरियाणा की भावना ने 201 किलो वजन उठाकर पहला नेशनल रिकॉर्ड बनाया। प्रतिस्पर्धा में दूसरा स्थान पुदुचेरी की एल. कौशिका और तीसरा स्थान अरुणांचल प्रदेश की पोसेन ने हासिल किया।
वहीं 64 किलो यूथ सीनियर महिला वर्ग में भी हरियाणा की भावना ने 201 किलो वजन उठाकर एक ही दिन में दूसरा राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया। प्रतिस्पर्धा में दूसरा स्थान पंजाब की जसवीर कौर और तीसरा स्थान निरुपमा देवी ने प्राप्त किया। 59 किलो यूथ महिला वर्ग में मणिपुर की वेललिफ्टर सेड्रेला हूयाम ने 170 किलो वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरा स्थान महाराष्ट्र की निकिता कामालाकर और तीसरा स्थान हरियाणा की सोनाक्षी ने पाया।
59 किलो जूनियर महिला वर्ग में प्रथम स्थान पश्चिम बंगाल की सुकर्णा अदक ने 186 किलो वजन उठाकर हासिल किया। दूसरा स्थान अरुणांचल प्रदेश की लिजा कामशा और तीसरा स्थान उड़ीसा की रीमा भोई ने पाया। आखिरी 59 किलो सीनियर वर्ग में एस. विध्यारानी देवी ने 197 किलो वजन उठाकर हासिल किया। दूसरा स्थान पश्चिम बंगाल की सुकर्णा अदक और तीसरा स्थान दविंदर कौर ने हासिल किया।