गाजियाबाद स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस का टूटा डाइनो बेल्ट
गाजियाबाद। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस का डाइनो बेल्ट टूट गया, इससे पैंट्री कार से धुआं निकलने लगा। मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने दूसरी बेल्ट लगाई, इस वजह से ट्रेन 32 मिनट स्टेशन पर ही खड़ी रही।
दिल्ली से राजगीर जाने वाली श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस मंगलवार को 37 मिनट देरी से 14:28 बजे प्लेटफार्म पर पहुंची। इसी दौरान पैंट्री कार के कोच में लगा डाइनो बेल्ट टूट गई। और धुआं निकलने लगा। धुआं निकलने पर कोच के पास यात्रियों की भीड़ लग गई। सूचना पर रेल प्रशासन और तकनीकी विभाग के कर्मचारी पहुंच गए। करीब 32 मिनट पर 15:02 मिनट पर ट्रेन रवाना हुई। ट्रेन में सवार होने के लिए यात्री गेट पर धक्कामुक्की करने लगे। इस दौरान दिल्ली से पटना जा रहे एक यात्री ने गेट के पास लगी खिड़की पर हाथ रखकर चढ़ने लगा तभी खिड़की में लगी लोहे की पल्ली उंगली पर गिर गई और यात्री की उंगली कट गई। ट्रेन में मौजूद टीम ने प्राथमिक उपचार दिया। स्टेशन अधीक्षक कुलदीप त्यागी ने बताया कि ट्रेन की तकनीकी कमी को ठीक कराकर रवाना कर दिया गया।
छठ पूजा पर बिहार जाने के लिए ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी
गाजियाबाद। दीपावली के बाद अब छठ पूजा पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी है। जनरल टिकट लेने वालों को कोच में पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है। सभी ट्रेनों में आरक्षित सीटें फुल हैं। जनरल कोच की सीटें भी फुल हैं।
दीपावली के दूसरे दिन मंगलवार को बिहार जाने के लिए यात्रियों की सुबह से भीड़ जमा होने लगी थी। अधिकांश ट्रेनों के सभी कोच दिल्ली से ही यात्रियों से भरे हुए आ रहे हैं। इस कारण से गाजियाबाद स्टेशन पर ट्रेन में सवार होने में यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति यह थी कि काफी संख्या में यात्री अपनी जान खतरे में डालते हुए दूसरी तरफ से ट्रेन में सवार होने का प्रयास किया।
अनारक्षित से लेकर एसी तक हर कोच में ठसाठस भरी थी। यह स्थिति आने वाले पांच दिन तक बनी रहेगी। 30 अक्तूबर को छठ पूजा का त्योहार है। यह दो दिन पहले 28 अक्तूबर से शुरू हो जाती है। बिहार प्रदेश के रहने वाले अधिकांश लोग छठ पर्व पैतृक घर पर मनाने को तवज्जो देते हैं। गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में लाखों लोग रहते हैं जो छठ पूजा मनाने के लिए घर जाते हैं।