पार्षद के बेटे और रिश्तेदार ने ठेकेदार से मांगी दो लाख की रंगदारी
गाजियाबाद। बम्हेटा के नगर निगम पार्षद वेदपाल के बेटे और उसके साले ने भोजपुर के एक ठेकेदार से दो लाख की रंगदारी मांगी। आरोप है कि रंगदारी न देने पर पार्षद के बेटे कपिल और उसके साल कालू ने ठेकेदार पर पिस्टल तान दी और कहा कि काम करना है तो रंगदारी तो देनी ही पड़ेगी। पीड़ित ठेकेदार गुलाम नबी ने कपिल और कालू के खिलाफ कविनगर थाने में मारपीट और रंगदारी मांगने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भोजपुर के गांव तोड़ी के रहने वाले गुलाम नबी का कहना है कि वह आदित्य वर्ल्ड सिटी पार्क टाउन स्थित वीवीआईपी की साइट पर काम कर रहे थे। इसी दौरान कार में सवार हथियारों से लैस कपिल और उसका साला कालू अपने अन्य साथियों के साथ आया। गुलाम नबी का कहना है कि उन्होंने वहां खड़े ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन में तोड़फोड़ कर कर्मचारियों और मुझे जान से मारने की धमकी दी। कपिल व कालू ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी और न देने पर पिटाई की। उन्होंने कहा कि यहां काम करना है कि पैसा देना ही पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर घटना की जानकारी दी। एसएचओ कविनगर अमित कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी कपिल और कालू की तलाश की जा रही है।
वहीं, कपिल के पिता निगम पार्षद वेदपाल का कहना है कि रंगदारी मांगने के आरोप गलत हैं। जिस साइट पर गुलाम नबी काम कर रहा था, वह उनकी है। इसका एग्रीमेंट भी उनके पास है।