बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में रोज होगी सुनवाई
गाजियाबाद। खोड़ा क्षेत्र में 12 साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अब पॉक्सो कोर्ट में रोज सुनवाई होगी। पुलिस की ओर से अपील की गई है कि इंसाफ में देरी न हो। आरोपियों को सजा दिलाने के लिए मजबूत पैरवी की व्यवस्था भी पुलिस अफसरों ने की है। सोमवार को इस मामले में मेडिकल परीक्षण करने वाली चिकित्सक के बयान दर्ज किए गए। बच्ची की मां के भी बयान दर्ज होने थे लेकिन तबीयत खराब होने के कारण वह नहीं सकीं।
बच्ची का अल्ट्रासाउंड करने वाली चिकित्सक के बयान मंगलवार को दर्ज किए जाएंगे। सुनवाई विशेष न्यायाधीश संगीता कुमारी की अदालत में चल रही है। पाक्सो कोर्ट के विशेष लोक अभियोजक हरीश कुमार ने बताया कि बचाव पक्ष के अधिवक्ता पूर्व सचिव मनमोहन शर्मा ने बच्ची का मेडिकल करने वाली डॉक्टर से जिरह की।
डीएनए रिपोर्ट का इंतजार
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार बच्ची ने बेटे को जन्म दिया है। उसे बाल आश्रय गृह घरोंदा में रखा गया है। अब तक यह पता नहीं चल सका है कि दुष्कर्म के आरोपियों में से बच्चे का पिता कौन है? इसके लिए नवजात और आरोपियों के डीएनए सैंपल विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहां से डीएनए मिलान की रिपोर्ट नहीं आई है। यह रिपोर्ट कोर्ट के सामने रखी जाएगी।
पुलिस की जांच अधूरी
इस मामले में पुलिस की जांच अब तक पूरी नहीं हो पाई है। शुरू में दो भाइयों का नाम आया था। उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हो चुका है। इसके बाद पता चला कि एक दुकानदार ने भी दुष्कर्म किया। उसके खिलाफ अलग से आरोप पत्र दाखिल किया जाना है। यह अब तक दाखिल नहीं हो पाया है।