पंजीकरण नहीं कराया तो 140 स्कूली वाहनों के पंजीकरण होंगे निरस्त
गाजियाबाद। बिना फिटनेस के जिले में दौड़ रहे 140 स्कूली वाहनों का पंजीकरण 14 दिन बाद रद्द कर दिया जाएगा। इनमें 133 बसों के पंजीकरण का समय 10 वर्ष से अधिक हो चुका है। अनफिट वाहनों में स्कूल की बस और कैब दोनों शामिल हैं।
एआरटीओ प्रशासन राहुल श्रीवास्तव का कहना है कि जितने भी स्कूली वाहन बिना फिटनेस संचालित हो रहे हैं, उनके स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें फिटनेस कराने के लिए 14 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद पंजीकरण रद्द कर बसों को सीज कर दिया जाएगा।
मोदीनगर में 20 अप्रैल को दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के 11 वर्षीय छात्र बस मोड़ते समय हादसे में मौत हो गई थी। इस मामले में शासन ने तीन अधिकारियों को निलंबित किया था। इसके बाद आरटीओ ने 50 बसों को सीज और 80 बसों का चालान किया था। उस समय जिले में 953 बस बिना फिटनेस के चल रही थीं। परिवहन विभाग की सख्ती के बाद स्कूल संचालकों ने 680 बसों का फिटनेस करा ली। जुलाई में बिना फिटनेस चलने वाले स्कूली वाहनों की संख्या 273 रह गई। इनमें से 140 वाहन ऐसे हैं, जिनकी अगस्त में फिटनेस समाप्त हो गई, लेकिन अभी तक फिटनेस नहीं कराया है।
कैब पलटने से घायल हुए थे कई बच्चे
मुरादनगर में कैब पलटने से कई बच्चे घायल हो गए थे। जांच में पता चला था कि कैब का पंजीकरण और फिटनेस समाप्त हो चुका था। कैब भी स्कूल का सुरक्षा गार्ड चला रहा था। आरटीओ ने कैब को सीज कर मुरादनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, क्योंकि स्कूल प्रबंधन ने शपथपत्र दिया था कि कैब संचालित नहीं हो रही है, बल्कि स्कूल में खड़ी है।