रैपिड रेल के मोदीनगर उत्तर में रखा जाएगा 54 मीटर लंबा स्टील स्पैन
गाजियाबाद। रैपिड रेल कॉरिडोर में दुहाई से मेरठ दक्षिण वाले 20 किमी लंबे भाग पार रैपिड रेल अक्तूबर 2023 में दौड़ेगी। इस सेक्शन में मोदीनगर उत्तर रैपिड स्टेशन के पास रखा जाने वाला स्टील स्पैन खास होगा। एलिवेटेड ट्रैक में सामान्य तौर पर स्पैन की लंबाई 34 मीटर होती है लेकिन मोदीनगर उत्तर स्टेशन से मेरठ की दिशा में कादराबाद नाले पर बन रहा विशेष गर्डर स्टील स्पैन 20 मीटर अधिक यानि 54 मीटर लंबा होगा।
450 टन वजनी इस स्टील स्पैन को जमीन से 14 मीटर ऊंचाई पर रखा जाएगा। मोदीनगर में बनने वाले दो स्टील स्पैन में से एक है। यह गर्डर 50 मीटर चौड़े नाले पर बनाया जा रहा है। गर्डर को रखने के लिए फाउंडेशन पिलर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। विशेष पिलर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। ऐसे में अक्तूबर माह में स्टील स्पैन को स्थापित करने का काम पूरा किया जाएगा।
एनसीआरटीसी की ओर से रैपिड रेल कॉरिडोर में नदियों, पुलों, रेलवे क्रॉसिंग, मेट्रो कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे और अन्य ऐसे ढांचे, जहां पिलर की दूसरी 34 मीटर से अधिक है, वहां विशेष स्टील स्पैन के जरिये उन्हें आपस में जोड़ा जाता है। रैपिड रेल केप्राथमिकता खंड में कुल चार स्टील स्पैन का निर्माण किया गया है। वहीं दुहाई से मेरठ के बीच एक स्टील स्पैन का निर्माण पूरा हो गया है। दो पर अभी काम जारी है।
400 टन वजनी दूसरे स्पैन की 50 मीटर लंबाई:
मोदीनगर में दूसरा विशेष स्टील स्पैन मोदीनगर तहसील के पास गुजर रहे सिंचाई विभाग के बंबा पर बनाया जा रहा है। यहां 50 मीटर लंबा और 400 टन वजनी विशेष स्टील स्पैन स्थापित किया जाएगा। यहां स्टील स्पैन को स्थापित करने के लिए पिलर का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। यहां भी जमीन से 14 मीटर की ऊंचाई पर रैपिड रेल गुजरेगी। इस स्पैन का काम नवंबर तक पूरा होने की संभावना जताई जा रही है। पहले खंड में निर्माण कार्य लगभग पूरा होने से दूसरे खंड में निर्माण कार्य तेज हो गया है।
चौथा लंबा स्पैन, सबसे लंबा वसुंधरा में रेलवे लाइन पर:
रैपिड कॉरिडोर में अब तक पांच विशेष स्टील स्पैन को स्थापित किया गया है। सबसे लंबा 150 मीटर लंबा स्टील स्पैन मेरठ रोड तिराहा स्टेशन के पास और फिर 73 मीटर का स्पैन वसुंधरा में रेलवे लाइन के ऊपर रखा गया है। इसके बाद 73 मीटर लंबा स्पैन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के ऊपर दुहाई में रखा गया। दो 45 मीटर लंबे स्पैन दुहाई डिपो के ऊपर रखे गए हैं। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि मोदीनगर उत्तर के पास रखा जाने वाला स्टील स्पैन अब तक का चौथा सबसे लंबा स्पैन होगा।