मन आज भी समाजवादी, अखिलेश नहीं दे रहे तवज्जो : शिवपाल
गाजियाबाद। अखिलेश यादव से नाराज चल रहे शिवपाल यादव एक बार फि र अलग राह पर चल पड़े हैं। उन्होंने कहा कि मन आज भी समाजवादी है लेकिन अखिलेश तवज्जो नहीं दे रहे हैं। अब सपा में सम्मान नहीं मिल रहा, इसलिए दूसरा काम करना पड़ रहा है। शिवपाल यादव ने आगामी सभी चुनाव सपा से अलग होकर लड़े जाने का एलान किया। राजनगर स्थित पूर्व मंत्री डीपी यादव के आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बातेें कहीं।
पत्रकार वार्ता में शिवपाल यादव और डीपी यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में यदुकुल पुनर्जागरण मिशन की शुरूआत होने जा रही है। इस मिशन का उद्देश्य दबे कुचले लोगों को एकजुट कर आगे बढ़ाना होगा। शिवपाल यादव ने भतीजे अखिलेश यादव से जुड़े सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने जिस तरीके से यूपी विधानसभा के सदन में अगली सीट मांगी थी, यदि वह चाहते तो नाम की स्लिप बदल देते। किसी को कुछ कहने की जरूरत ही नहीं थी। वह विपक्ष के नेता हैं। उन्हें सीट मांगने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि सरकार की पोल खोलना, जरूरी मुद्दे उठाना, आंदोलन-प्रदर्शन करना विपक्ष की नैतिक जिम्मेदारी है। शिवपाल यादव ने कहा कि जितने लोगों को सामाजिक न्याय नहीं मिला है, हम उन्हें एकजुट कर संगठन बना रहे हैं। जिसका जितना हक है, उसे वह मिलना चाहिए। इसके लिए पूरे राज्य में जाकर बैठक की जा रही हैं। दलित, पीड़ितों एवं शोषितों से बातचीत हो रही है। इस मौके पर बीके शर्मा हनुमान सहित अन्य ने उनका स्वागत किया।