एनडीआरएफ के सीएमओ ने बचाई बुजुर्ग की जान
गाजियाबाद। कमला नेहरूनगर स्थित आठवीं बटालियन एनडीआरएफ में तैनात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित मुरारी ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। शुक्रवार को सुबह लालकुआं पर सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर से लालकुआं निवासी बुजुर्ग बेसुध होकर गिर गए। बटालियन से दिल्ली एनडीआरएफ मुख्यालय जाते वक्त जैसे ही डॉ. अमित मुरारी ने दुर्घटना देखी तो फौरन गाड़ी से उतरकर लहूलुहान बुजुर्ग को सड़क पर ही प्राथमिक उपचार देना शुरू कर दिया।
उनके साथ बटालियन के डॉ. जयवीर सिंह की मदद से प्राथमिक उपचार दिया। ऐसे में उपचार मिलते ही बेसुध बुजुर्ग को होश आया। बाद में लोगों की मदद से बुजुर्ग को पास के अस्पताल रेफर किया गया। घटना के वक्त एनएच-9 पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हाईवे से गुजरते हुए तमाम लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। आठवीं बटालियन में तैनात डॉ. अमित मुरारी वर्तमान में एनडीआरएफ मुख्यालय दिल्ली से अटैच हैं। ऐसे में बीते एक साल में दिल्ली से आते जाते वक्त सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों की जिंदगी बचा चुके हैं। नवंबर 2021 में शाम के वक्त एक बाइक सवार युवक को कार ने टक्कर मार दी थी फिर सिर में आई गंभीर चोट के बावजूद उनकी ओर से दिए गए प्राथमिक उपचार के बाद युवक की जान बच सकी थी। वहीं, बटालियन के अलावा डॉ. मुरारी आम लोगों की सेवा में भी तत्पर रहते हैं। बटालियन की इमरजेंसी में आम लोगों के आने पर तुरंत अस्पताल जाकर इलाज शुरू कर देते हैं।