पंजीकरण गुजरात में लोनी में चल रही थी बस
गाजियाबाद। 17 साल पहले गुजरात में पंजीकृत हुई स्कूल बस लोनी में चलती मिली। एआरटीओ प्रवर्तन ने बस को सीज कर चालक पर 27 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जिस पर पांच गुना टैक्स भी लगेगा। कुल 52 हजार का जुर्माना बस पर हुआ है। बस में मौजूद 35 छात्रों को प्रवर्तन टीम ने पहले स्कूल ले जा कर छोड़ा, इसके बाद बस को थाना टीला मोड़ की पार्किंग में खड़ा करा दिया। बस बृज विहार चिरौड़ी स्थित बीएल मेमोरियल स्कूल के लिए पंजीकृत थी।
एआरटीओ प्रवर्तन राजेश्वर कुशवाहा ने बताया कि बृहस्पतिवार को लोनी के चिरौड़ी क्षेत्र में सड़क पर दौड़ रही गुजरात नंबर की बस को प्रवर्तन विभाग की टीम ने पकड़ा। बस चालक से गाड़ी के कागज मांगे गए। चालक ने जो कागज उपलब्ध कराए, उसके अनुसार बस बिना फिटनेस और बिना परमिट के चल रही थी। बस का प्रदूषण प्रमाण पत्र भी नहीं था। उन्होंने बताया कि सीएनजी की बस होने की वजह से बस का संचालन 15 साल के लिए वैध है लेकिन पंजीकरण के 17 साल बाद भी बस का संचालन किया जा रहा था। कुशवाहा ने बताया कि चिरौड़ी के स्प्रिंग वैली स्कूल के तीन वाहनों की भी जांच की गई। तीनों वाहन स्कूल के अंदर ही खड़े थे।