ट्रेन के साथ घिसट रहे यात्री को सब इंस्पेक्टर ने बचाया
गाजियाबाद। ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से गिरकर घिसट रहे यात्री को आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बचा लिया। आरपीएफ प्रभारी यशवंत सलूजा ने बताया कि रविवार सुबह अमरोहा जाने के लिए सलमान स्टेशन पर पहुंचे थे। प्लेटफार्म नंबर दो पर 7:20 बजे पूर्णागिरी एक्सप्रेस पहुंची। उसी ट्रेन से सलमान को अमरोहा जाना था। ट्रेन अपने समय से चल पड़ी, सलमान ने दौड़कर चलती ट्रेन में सवार होने का प्रयास किया। इस दौरान अचानक पैर फिसल गया और वह ट्रेन के बाहर लटक गए। एक टांग ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच में फंस गई और 10 मीटर तक तक ट्रेन के साथ घिसटते हुए चले गए। यह दृश्य देख प्लेटफार्म पर खड़े दूसरे यात्रियों ने शोर मचाया। इस दौरान प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ के एएसआई राजेंद्र सिंह ने सलमान को ट्रेन के साथ घिसटते देखा तो दौड़कर उनके पास तक पहुंचे और उनका एक हाथ पकड़कर उन्हें खींच लिया। इससे सलमान की जान बच सकी। सलमान इस हादसे बाद काफी देर तक सदमे में रहे। एएसआई ने उन्हें पानी पिलवाया और उनकी डॉक्टरी जांच भी कराई। सलमान को मामूली खरोंचे आई थीं। सामान्य होने के बाद वह घर चले गए। राजेंद्र सिंह ने बताया कि कई बार इस तरह के हादसे उन्होंने देखे हैं। कई लोगों की जान भी बचाई है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को भी समझना चाहिए कि चलती ट्रेन में दौड़कर चढ़ने का प्रयास न करें, कई बार हाथ या पैर फिसलने के कारण हादसा हो जाता है। आरपीएफ प्रभारी यशवंत सलूजा ने एएसआई राजेंद्र सिंह को इस साहस के लिए बधाई दी और कहा कि उन्हें सम्मानित किया जाएगा।