हिंडन नदी पर तीसरा पुल तैयार 15 सितंबर से फर्राटा भरेंगे वाहन
गाजियाबाद। हिंडन नदी पर तीसरे पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब इस पर सड़क बनाने का काम शुरू किया जाएगा। 15 सितंबर से इस पुल पर वाहन दौड़ने शुरू हो जाएंगे।
दो साल से निर्माणाधीन इस पुल पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाने के बाद गाजियाबाद से मोहननगर, अप्सरा बॉर्डर, वजीराबाद बॉर्डर और साहिबाबाद की ओर जाने वाले वाहन चालकों को जाम से निजात मिल जाएगी। इस पुल के निर्माण पर जीडीए ने 22 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। जीडीए की ओर से की गई फंडिंग पर सेतु निगम की ओर से हिंडन नदी पर 7.50 मीटर चौड़े नए पुल का निर्माण किया गया है। 176 मीटर लंबा यह पुल तीन लेन का होगा और इससे वाहनों को आवागमन में सुगमता होगी।
फंड की कमी से रुक गया था निर्माण
फं ड के अभाव में पुल निर्माण का काम कई बार रुका था। जीडीए के मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता का कहना है कि अब पुल का काम पूरा हो चुका है। फिनिशिंग और पेंटिंग का काम चल रहा है। हिंडन नदी पर अंग्रेजों के जमाने का बना पुल वर्ष 2017 में टूट गया था। इसके बाद इसे बंद कर दिया गया था।
50 हजार से ज्यादा वाहन चालकों को मिलेगी राहत
जीटी रोड पर गाजियाबाद से मोहननगर की ओर रोजाना करीब 50 हजार वाहन गुजरते हैं। मार्ग पर वाहनों काअधिक दबाव देखते हुए ही पुराने ऐतिहासिक जर्जर पुल को तोड़कर नए पुल का निर्माण कार्य कराया गया है। 2017 से बंद तीसरे पुल की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी सुबह शाम कार्यालय जाने व आने के समय वाहन चालकों को उठानी पड़ती है। पुल शुरू होने के बाद गाजियाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को राहत मिल जाएगी। मौजूदा समय दिल्ली जाने के लिए केवल एक लेन का पुल है, जबकि वापसी में तीन लेन के दो पुल हैं, इसलिए लोगों को सुबह यहां पर जाम में फंसना पड़ता है,
कांवड़ यात्रा के समय रुक गया था काम
प्राधिकरण की ओर से सेतु निगम को फंड जारी होने के बाद भी कांवड़ यात्रा केचलते काम रुक गया था। इस कारण से काम पूरा होने में 15 दिन देरी हो गई। पहले इसे 15 अगस्त को शुरू किया जाना था, इसके बाद 15 की डेड लाइन और बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया गया था। इसके बावजूद काम पूरा नहीं हो पाया तो तीसरी बार डेड लाइन बढ़ाकर 15 सितंबर की जा चुकी है।