19 को छत्र और ध्रुव योग में जन्मेंगे कन्हाई
गाजियाबाद। 19 अगस्त को छत्र और ध्रुव योग में कान्हा का जन्मोत्सव धूूमधाम से मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्यों और विद्वानों केअनुसार उदया तिथि में जन्माष्टमी मनाना श्रेष्ठ रहेगा। जिले के सभी प्रमुख मंदिरों में भी शुक्रवार को ही जन्माष्टमी मनाई जाएगी।
पंडित शिव कुमार शर्मा ने बताया कि 19 अगस्त को वृषभ के चंद्रमा अपनी उच्च राशि में रहेंगे। भाद्रपद कृष्णपक्ष की अष्टमी शुक्रवार को रात 10.59 बजे तक रहेगी, इसके बाद नवमी तिथि आ जाएगी। शास्त्रों केअनुसार उदया तिथि, अपरान्ह व्यापिनी, प्रदोष व्यापिनी और निशिथ व्यापिनी अष्टमी तिथि ही सर्वोत्तम होती है इसलिए 19 को ही जन्माष्टमी मनाई जाएगी।
प्रमुख मंदिरों में 19 को मनाई जाएगी जन्माष्टमी
दूधेश्वरनाथ मंदिर के आचार्य लक्ष्मीकांत पाढ़ी ने बताया कि उदया तिथि के अनुसार 19 को मंदिर में जन्माष्टमी मनेगी। ठाकुरद्वारा मंदिर के मीडिया प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मंदिर में वृंदावन मंदिर के अनुसार जन्माष्टमी मनाई जाती है। इस बार वृंदावन में 19 को जन्माष्टमी है इसलिए मंदिर में भी 19 को ही जन्माष्टमी मनाई जाएगी।
रात 11:43 बजे होगा चंद्रोदय
19 को चंद्रमा रात 11:43 बजे उदय होंगे। पंडित शिव कुमार ने बताया कि इस बार अष्टमी तिथि में रोहिणी नक्षत्र का अभाव है। कृतिका नक्षत्र के अंतिम चरण में जन्माष्टमी मनाई जाएगी। 19 को सुबह 6:08 बजे से चंद्रमा वृषभ राशि यानी अपनी उच्च राशि आ जाएंगे। भगवान कृष्ण की जन्म राशि भी वृषभ ही थी इसलिए 19 अगस्त को ही जन्माष्टमी मनाई जाएगी।