ईको फ्रेंडली होगा रैपिड रेल का दुहाई डिपो
गाजियाबाद। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) ने रैपिड रेल के दुहाई डिपो को ईको फ्रेंडली बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। दुहाई डिपो का निर्माण 51 एकड़ जमीन पर हो रहा है। रैपिड रेल ट्रैक, यार्ड, प्रशासनिक भवन, स्टेशन सहित अन्य जरूरी सुविधाएं डिपो के करीब 40 फीसदी क्षेत्र में स्थित हैं। ऐसे में 60 फीसदी खुले क्षेत्र में एनसीआरटीसी की ओर से 10 हजार पौधे लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। पौधरोपण में छायादार वृक्ष, फल और फूलों के पौधे लगाए जाएंगे।
डिपो के साथ मार्ग के बराबर में विशेष हरित पट्टी विकसित की जाएगी। इसके साथ ही डिपो में वर्षा जल संचयन की विशेष सुविधा होगी। इसके लिए 22 पिट्स बनाने का काम शुरू किया गया है। हरित ऊर्जा के उत्पादन के लिए डिपो के मुख्य प्रशासनिक भवन, यार्ड के शेड, स्टेशन के शेड सहित हर भवन पर सौर ऊर्जा पैनल लगाए जाएंगे। मुख्य प्रशासनिक भवन के ऊपरी तल पर रोशनी के लिए सोलर ट्यूब तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है।
इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल से उच्च रेटिंग लेने का प्रयास
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स का कहना है कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण की दिशा में कई कार्य किए जा रहे हैं। दुहाई डिपो के साथ आरआरटीएस के स्टेशनों और अन्य भवनों में हरित ऊर्जा के प्रयोग केसाथ इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल से उच्चतम रेटिंग प्राप्त करने के प्रयास जारी हैं। इसी के मद्देनजर वर्षा जल संचयन, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट, हरियाली विकसित करने के साथ हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।