रैपिड रेल के तीन स्टेशनों के बनने की बाधा दूर, जमीन अधिग्रहण होगा
गाजियाबाद। रैपिड रेल के तीन स्टेशनों के बनने की अंतिम बाधा दूर हो गई। मेरठ रोड तिराहा से दुहाई के बीच बनने वाले इन तीन स्टेशनों में प्रवेश और निकासी द्वार बनाने के लिए बौंझा, दुहाई और ढरगल के किसानों की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द ही पूरी की जाएगी। इन तीन स्टेशनों के लिए करीब साढ़े तीन हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
मेरठ रोड तिराहा, राजनगर एक्सटेंशन चौक और दुहाई में निर्माणाधीन रैपिड रेल के स्टेशनों का अधिकांश हिस्सा सड़क के ऊपर एलिवेटेड बनाया गया है, लेकिन दोनों ओर प्रवेश और निकासी के लिए द्वार सड़क किनारे बनाने होंगे। इसमें निजी लोगों की जमीन बीच में आ जाने की वजह से अभी तक निकासी और प्रवेश द्वार का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। 2023 में इस प्राथमिकता वाले सेक्शन पर साहिबाबाद से दुहाई के बीच रैपिड रेल का संचालन शुरू किया जाना है, ऐसे में उससे पहले स्टेशनों का निर्माण पूरा करना होगा। इसके लिए अब जिला प्रशासन के माध्यम से प्राइवेट किसानों की जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इन गांवों की जमीन का होगा अधिग्रहण
एडीएम भू-अर्जन श्याम अवध चौहान ने बताया कि रैपिड रेल के स्टेशनों का प्रवेश और निकासी के लिए स्ट्रक्चर बनाने को बौंझा की 0.1587 हेक्टेयर, ढरगल की 1.0636 हेक्टेयर और दुहाई गांव की 1.9190 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके लिए धारा-11 की कार्रवाई पूर्व में हो चुकी है, अब धारा-19 की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मुआवजा देकर कब्जा लेने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
तीन अन्य स्टेशनों के लिए भी होगा अधिग्रहण
साहिबाबाद से दुहाई तक के प्राथमिकता वाले सेक्शन पर जमीन अधिग्रहण का काम पूरा होने के बाद मोदीनगर क्षेत्र में भी रैपिड रेल के स्टेशनों के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस क्षेत्र में भी स्टेशनों के प्रवेश और निकासी के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।