भ्रष्टाचार में जीडीए अवर अभियंता निलंबित
गाजियाबाद। अवैध निर्माण और उसमें लिप्त अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। साहिबाबाद में बगैर नक्शा पास कराए बहुमंजिला इमारत बनवाने के आरोप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अवरअभियंता शिव ओम को निलंबित कर दिया है। शासन की ओर से जीडीए में लंबे समय के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है। जूनियर इंजीनियर के निलंबन का आदेश मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जारी किया गया है। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करुणेश ने बताया कि शासन की कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है। अभी कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। अवैध निर्माण के मामलों में कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति की गई है। अवर अभियंता के निलंबन का मामला जीडीए में चर्चा का विषय रहा। जीडीए के जोन छह में इंदिरापुरम और जोन सात में साहिबाबाद, राजेंद्रनगर सहित आसपास की कालोनियों में सबसे ज्यादा अवैध निर्माण के मामले सामने आए हैं।