भाकियू भानु की महापंचायत आज, उतरेगी आंदोलन में
गाजियाबाद। किसान आंदोलन में भारतीय किसान यूनियन (भानु) की फिर से वापसी हो सकती है। भानु गट की तरफ से आज (शनिवार) को फैजाबाद में महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें फिर से आंदोलन में उतरने का ऐलान किए जाने की संभावना है। संगठन के प्रदेश प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनोज नागर ने कहा कि दिल्ली लाल किले की घटना के कारण दुखी होकर चिल्ला बॉर्डर से धरना खत्म किया था लेकिन आंदोलन नहीं। अब साफ हो चुका है कि दिल्ली की घटना साजिश के तहत कराई गई और भाजपा विधायकों के इशारे पर किसानों को मारपीट की कोशिश की गई। किसानों के साथ किसी भी सूरत में उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। पूरा संगठन किसानों के साथ खड़ा है। शनिवार को हमारी महापंचायत होने जा रही है, जिसमें आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। किसानों के समर्थन में संगठन जल्द ही आंदोलन छेड़ेगा। माना जा रहा है कि इस बार संगठन गाजीपुर बॉर्डर पर ही आंदोलन में शामिल हो सकता है।