गाजियाबाद में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करते हुए एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है । वीडियो विजयनगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक का नाम प्रवीण उर्फ मिंटू है जो बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष का भाई है।
सात सेकंड के वायरल वीडियो में युवक ने छह हवाई फायरिंग की। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी को पकड़ लिया। एसीपी नगर अंशु जैन ने बताया प्रवीण से पूछताछ में पता चला वीडियो तीन साल पहले एक शादी के कार्यक्रम में बनाया गया था। रिवाल्वर उसके मामा के बेटे की है।
पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा बदनाम करने की कोशिश
बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने इस मामले में कहा कि वीडियो तीन साल पुराना है और उसमें दिख रही पिस्टल असली ही नहीं है। गलत तरीके से वीडियो को प्रसारित कर परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। आगामी चुनाव को देखते हुए कुछ लोगों ने ऐसा साजिश के तहत किया है।