पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में लूट व डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को मसूरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूट व चोरी किया गया 12 कुंतल से ज्यादा तार व अन्य सामान बरामद किया है।
एसीपी मसूरी निमिष पाटिल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी मूसरी निवासी मोहसिन, शाहरुख व माजिद हैं। जबकि इनके साथी बड़ौत निवासी मोनू, शामली निवासी सोनू उर्फ मोहित व मेरठ निवासी माजिद अभी फरार है। इनकी तलाश की जा रही है। इनके खिलाफ मुजफ्फरनगर में लूट व डकैती के दो मामले दर्ज हैं।
तीन दिन पहले इन्होंने मुजफ्फरनगर के शाहपुर में पांच लोगों को बंधक बनाकर डाका डाला था। इसके अलावा इन्होंने मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में भी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लूटा गया सामान ये मसूरी में बेचने के लिए लाए थे। इसी दौरान पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।