प्रसूता की मृत्यु के बाद अस्पताल सील
गाजियाबाद। लोनी स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में प्रसव के दौरान गर्भवती की होने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल बंद मिलने पर अस्पताल को सील कर दिया गया। अस्पताल संचालक सोनू कुमार के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया। डॉ. नरेश पाल ने बताया कि अस्पताल स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत था लेकिन प्रसव के लिए पंजीकृत नहीं था और अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ नहीं थी। रविवार को प्रसूता नेहा की प्रसव के दौरान मृत्यु हो गई। नेहा शनिवार को गर्भावस्था में अस्पताल पहुंची थी, जिसका सामान्य प्रसव होना था। इस दौरान उसकी तबियत ज्यादा खराब होने के कारण रविवार को उसे जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग से उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश पाल और रति गुप्ता नायब तहसीलदार की टीम ने लाइफ लाइन अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम में जिला समन्वयक उमेश कुमार गुप्ता और गजेंद्र कुमार भी शामिल थे।