11वीं के छात्र पर दबंगों ने हमला कर कान काटा
गाजियाबाद। संजयनगर सेक्टर-23 की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी संदिता के 16 वर्षीय बेटे तनिष्क बालियान पर दबंग युवकों ने हमला कर बेरहमी से पिटाई कर दी। हमला उस समय किया जब तनिष्क स्कूल से घर लौट रहा था। दबंग युवकों ने तनिष्क लाठी-डंडों से हमला कर एक घर के बाहर रखे गमले भी उठाकर मारे। इससे उसका कान और सिर में चोट आई है।
संदिता का कहना है कि उनका बेटा तनिष्क डीडीपीएस में 11वीं कक्षा का छात्र है। वह स्कूल से जब घर वापस लौटा तो खून से लथपथ था। उसने बताया कि विभोर त्यागी, अमन त्यागी, शांतनु त्यागी ने करीब 12 युवकों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। विरोध करने पर युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला किया और कार में बैठाकर ले जाने की भी कोशिश की, लेकिन पास में एक घर से महिला व अन्य लोगों ने आकर उसकी जान बचाई। आरोप है कि उस दौरान वहां से पुलिस की चीता बाइक भी निकली लेकिन पुलिस ने नजरअंदाज कर दिया। तनिष्क के पिता अनिल बालियान का आरोप है कि चौकी पर पुलिस मामले को दबाने में लगी रही। उच्चाधिकारियों से मामले की सूचना देने पर देर रात रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले में उन्होंने विभोर त्यागी, अमन त्यागी, शांतनु त्यागी समेत 12 अज्ञात के खिलाफ मधुबन बापूधाम थाने में केस दर्ज कराया है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।