तमंचा तानकर कारोबारी से 44 लाख लूट ले गए बदमाश
गाजियाबाद। शहर में एक के बाद एक लगातार वारदात कर रहे बाइकर्स गैंग ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाते हुए स्क्रैप कारोबारी फरमान और उनके दोस्त आसिफ से 44 लाख रुपये लूट लिए। राजनगर एक्सटेंशन की मोरटी भट्ठा नंबर पांच रोड पर सोमवार की रात करीब सवा सात बजे चोरी की बाइक से तीन बदमाशों में से एक ने फरमान पर तमंचा ताना और दूसरे ने आसिफ के घुटने पर तमंचे से वारकर उससे बैग छीन लिया। दोनों कारोबारियों से मोबाइल फोन और कार की चाबी भी ले ली।
भागते समय बदमाशों की बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो वहां से गुजर रहे मोरटी निवासी भूपेश को रुकवाया और तमंचा दिखाकर उससे स्कूटी लूट ली। इसके बाद स्कूटी से ही भाग निकले। फरमान मुरादनगर के रहने वाले हैं। दिल्ली सीलमपुर में स्क्रैप का कारोबार करते हैं। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने दोस्त आसिफ के साथ दिल्ली से मुरादनगर के लिए लौट रहे थे। इसी दौरान लूट हो गई। बदमाश पहले से रास्ते में खड़े थे। लूट की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मौके पर बदमाश जिस बाइक को छोड़कर भागे थे, वह उन्होंने तीन दिन पहले नोएडा से चोरी की थी।
ट्रैफिक जाम देख बदला रास्ता और हो गई लूट
फरमान और आसिफ राजनगर एक्सटेंशन में जाम होने के कारण वह मोरटी भट्ठा नंबर पांच की ओर से जाने लगे। इस रास्ते पर कुछ दूर चलने के बाद कच्चे रास्ते पर सुनसान इलाका आते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार दिखाकर रोक लिया और चालक की ओर का शीशा तोड़ दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी। फरमान ने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने वाले भूपेश से स्कूटी लूटकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने किसी तरह अपने परिजनों को घर पर सूचना दी और कार की दूसरी चाबी मंगवाई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। उधर भूपेश ने भी स्कूटी लुट जाने की सूचना पुलिस को दी।
24 घंटे में लुटेरों का सुराग तक नहीं
44 लाख रुपये लूटकर बदमाश आसानी से फरार हो गए। वारदात के थोड़ी देर बाद ही सूचना मिल जाने पर भी पुलिस लुटेरों को नाकाबंदी कर पकड़ नहीं पाई। इसके बाद 24 घंटे में लुटेरों का कोई सुराग भी नहीं लग सका। पुलिस ने आसपास की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे देखे लेकिन कहीं ऐसी फुटेज नहीं मिली जिसमें बदमाश नजर आएं। इसके बाद पुलिस की पूरी उम्मीद सर्विलांस पर टिकी है। लूट का शिकार कारोबारियों से पुलिस ने लुटेरों का हुलिया मालूम किया है।
चार टीमों का किया गठन
डीसीपी नगर जोन निपुण अग्रवाल ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और मैनुअल इंटेलिजेंस की टीमों का गठन कर दिया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।